नेवई थाना क्षेत्र के सूर्य नगर में रविवार सुबह एक मकान में आयोजित सामूहिक प्रार्थना सभा को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। आरोप लगाया गया कि साहू समाज की एक महिला को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके विरोध में बजरंग दल और साहू समाज के लोगों ने मनोज कुमार साहू के घर के बाहर जोरदार नारेबाजी की। कुछ देर बाद भीम आर्मी के सदस्य भी वहां पहुंच गए, जिससे माहौल और गरम हो गया। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बल तैनात कर दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
हिंदूवादी संगठनों का कहना है कि मनोज कुमार साहू के घर में सुबह करीब 30 से 40 लोग प्रार्थना में शामिल थे। घर के बाहर मनोज साहू का बोर्ड भी लगा हुआ है। आरोप है कि यह दंपति पहले हिंदू धर्म का पालन करता था और घर के सामने एक मंदिर भी बनवाया गया था, लेकिन कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने धर्म परिवर्तन किया। संगठनों का दावा है कि अब वे आसपास के लोगों को भी ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं और दबाव डालने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस मामले की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
