दुर्ग, 23 नवम्बर 2025। जिले में कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने रविवार सुबह सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में सभी थाना और चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में उन्होंने लंबित मामलों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए वर्ष समाप्त होने से पहले सभी प्रकरणों को ठोस साक्ष्यों के साथ तेजी से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान प्रमाणों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया प्रभावी रहे।
एसएसपी ने जिले में सक्रिय निगरानी बदमाशों, असामाजिक तत्वों, नशे के आदी व्यक्तियों और चाकूबाजी जैसी घटनाओं में शामिल आरोपियों पर कड़ी नजर रखने के साथ ही उन्हें चिन्हांकित कर कड़ी कार्रवाई करने का भी आदेश दिया। इसके अलावा अवैध गतिविधियों में संलग्न व्यक्तियों की जानकारी जुटाकर प्रभावशाली कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक IUCAW पद्मश्री तंवर, एसडीओपी धमधा एलेक्जेंडर किरो, एसडीओपी पाटन अनूप लकड़ा, डीएसपी आकर्षि कश्यप सहित जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
