दुर्ग। जामुल के कुरूद बस्ती में 19 नवंबर को पत्नी को जबरन उठाकर ले जाने के मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। घटना केवल अपहरण तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें दो वर्षों तक शारीरिक शोषण, तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर धमकाने और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप जुड़े हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता की मुलाकात दो साल पहले हेमंत नामक युवक से हुई थी। उसने खुद को तांत्रिक बताते हुए युवती के पिता का दस लाख रुपये का कर्ज खत्म कराने और बीमारी ठीक करने का दावा किया। इसी दौरान शादी का भरोसा देकर उसने संबंध बनाए। आरोपी अपनी मां के साथ युवती को रायपुर ले गया, जहां लंबे समय तक शारीरिक शोषण और कई बार जबरन गर्भपात कराने का आरोप है। तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर युवती को चुप रहने पर मजबूर किया जाता रहा।
साल 2024 में पीड़िता को पता चला कि हेमंत पहले से शादीशुदा है। इसके बाद उसने आरोपी की पत्नी की सहायता से 15 अक्टूबर को सखी सेंटर में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि 19 नवंबर को आरोपी फिर से युवती को जबरन घर से उठाकर दंतेवाड़ा ले गया, जहां मारपीट की गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने युवती को मुक्त कराया और हेमंत को हिरासत में लिया, लेकिन पूछताछ के दौरान वह जामुल थाने से फरार हो गया।
एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
