दुर्ग, 22 नवंबर। ‘ऑपरेशन विश्वास’ अभियान के तहत पुलगांव थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा सप्लाई के लिए निकले तीन युवकों को पकड़ा, जिनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर ने बताया कि 21 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अभिनंदन पैलेस के पीछे दो युवक खड़े हैं और एक बिना नंबर की काली स्कूटी में सवार दो अन्य युवक उनसे मिलकर गांजा लेकर नदी रोड की ओर सप्लाई करने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान थैलों में गांजा मिला, जिसके बाद चार आरोपियों (एक बालक सहित) के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने वामन यादव, मुकेश वर्मा, योगेश साहू और एक नाबालिग से गांजा, मोबाइल, स्कूटी और 4 हजार रुपए नकद जब्त किए। पुलगांव पुलिस की तत्पर कार्रवाई से नशा तस्करी के इस नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।
