दुर्ग, 20 नवम्बर।
जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों के ऑनलाइन पंजीयन को अधिक सुरक्षित बनाने एवं फर्जी प्रमाण पत्रों की रोकथाम के लिए कलेक्टर **अभिजीत सिंह** ने जिले के सभी रजिस्ट्रारों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह एडवाइजरी आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय के संचालक एवं मुख्य रजिस्ट्रार के निर्देशों के आधार पर जारी की गई है।
निर्देशों के अनुसार **सीआरएस वेब पोर्टल** पर पंजीयन के लिए दी गई *यूजर आईडी, पासवर्ड और ओटीपी* को किसी भी परिस्थिति में अन्य व्यक्तियों के साथ साझा नहीं किया जाए। साथ ही सुरक्षा बढ़ाने के लिए पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहने को अनिवार्य बताया गया है, ताकि अनधिकृत लॉगिन अथवा फर्जी प्रमाण पत्र जारी होने की संभावना कम की जा सके।
पिछले दिनों फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने की शिकायतें मिलने के बाद अधिकारियों और आम नागरिकों को भी सजग रहने की सलाह दी गई है। निर्देश दिए गए हैं कि सीआरएस पोर्टल में लॉगिन करते समय वेबसाइट **([https://dc.crsorgi.gov.in](https://dc.crsorgi.gov.in))** को सीधे की-बोर्ड से टाइप करें और किसी भी सर्च इंजन के जरिए पोर्टल तक न पहुंचें।
यदि किसी चॉइस सेंटर, फर्जी वेबसाइट या अन्य स्रोतों से नकली प्रमाण पत्र जारी होने की जानकारी मिलती है, तो संबंधित रजिस्ट्रार को तुरंत इसकी रिपोर्ट कर जांच करवानी होगी। दोषियों के विरुद्ध नियम के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मोबाइल ऐप के माध्यम से पोर्टल का उपयोग करने वाले रजिस्ट्रारों को भी इन सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा गया है। साथ ही जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) की वार्षिक बैठक में इन बिंदुओं को अनिवार्य रूप से शामिल करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
