दुर्ग, 20 नवंबर।
भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर धन दुगुना करने का लालच देकर करोड़ों का मुनाफा दिलाने का झांसा देने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने लगभग **77 लाख रुपये** की धोखाधड़ी की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 नवंबर 2025 को गौरी नगर, धमतरी निवासी **प्रिंस चन्द्राकर (38)** ने सुपेला थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर से 4 नवंबर 2025 के बीच स्मृति नगर, सुपेला स्थित *ऐरिना कौप्टिल* नामक कार्यालय के संचालक **योगेश साहू**, मेनेजर **मेघा साहू**, कलेक्शन एजेंट एवं एकाउंटेंट **गौरव साना**, डाटा एंट्री ऑपरेटर **जयंत कुमार** और वर्किंग स्टाफ **अरुण सरकार** ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर रकम दुगुना करने का लालच दिया।
आरोपियों ने प्रतिमाह 10% मुनाफे का भरोसा देकर कई लोगों से भारी धनराशि निवेश करवाई। इसी बहाने प्रार्थी यतीन्द्र चन्द्राकर समेत कई व्यक्तियों से कुल **77 लाख रुपये** का अवैध रूप से निवेश करवाकर रकम हड़प ली।
शिकायत पर सुपेला पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान *ऐरिना कौप्टिल* कार्यालय में दबिश देकर आरोपियों जयंत कुमार और अरुण सरकार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
कार्यालय से पुलिस ने बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की, जिसमें—
* 19 सील गूहर पेड
* 1 डीवीआर (सीसीटीवी)
* 8 कंपनी के फोटो फ्रेम
* 2 ऑफिस बैनर/पोस्टर
* 4 सीपीयू, 5 मॉनिटर
* कंप्यूटर एक्सेसरीज़ (3 माउस, 3 कीबोर्ड)
* 3 प्रिंटर
* नोट गिनने की मशीन
* 2 मोबाइल फ़ोन
पुलिस के अनुसार आरोपी योगेश साहू, मेघा साहू, गौरव साना, जयंत कुमार और अरुण सरकार संगठित रूप से एक फर्जी योजना संचालित कर लोगों को अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर धोखाधड़ी कर रहे थे।
मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और पुलिस पूरे फर्जी निवेश नेटवर्क की जांच कर रही है।
