दुर्ग, 20 नवंबर।
मोहन नगर थाना पुलिस ने *ऑपरेशन विश्वास* अभियान के तहत प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी इसी मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर जेल भेजा जा चुका है।
जानकारी के मुताबिक 18 नवंबर 2025 की शाम लगभग 6:30 बजे धमधा नाका मोर्चा प्वाइंट पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोका। तलाशी में डिक्की से सफेद पॉलीथिन में भरी **अल्फाजोलम** और **डायक्लोमिन** नामक प्रतिबंधित टेबलेट मिलीं।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम शुभम निर्मलकर (30), निवासी सिकोला बस्ती मोहन नगर, और अशद नोमान (42), निवासी सतरंजीपुरा, लकड़गंज थाना क्षेत्र, नागपुर बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि वे दवाएं अवैध बिक्री हेतु ले जा रहे थे। पुलिस ने दवाएं, वाहन और मोबाइल को जब्त कर आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 22 और 27(क) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
विवेचना के दौरान पुलिस नागपुर पहुंची, जहां ईतवारी स्थित *न्यू लाइफ मेडिकल* के संचालक अशद नोमान से पूछताछ में अवैध दवा बिक्री का नेटवर्क सामने आया। उसके सहयोगी शुभम निर्मलकर की भूमिका भी स्पष्ट हुई।
अब तक इस मामले में कुल **7 आरोपियों** को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस नेटवर्क के शेष सदस्यों की तलाश में जुटी है।
