°°^भिलाई°° सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्मृति नगर चौकी इलाके में बुधवार दोपहर लगभग 3 से 3:30 बजे के बीच एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में पल्सर बाइक (CG 07 BR 1922) पर सवार युवक की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मृत्यु हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक भिलाई से दुर्ग की दिशा में जा रहा था। रास्ते में ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान उसका नियंत्रण बिगड़ गया और वह सीधे ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से टकरा गया। ट्रैक्टर चालक को यह महसूस नहीं हुआ और वाहन आगे बढ़ता रहा, जिससे बाइक सवार युवक पिछले पहिये के नीचे दब गया।
सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और असावधानी को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में राहगीर जुट गए। पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। उसके खिलाफ उचित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
चौकी प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्य मार्गों पर सुरक्षा उपाय मजबूत करने की जरूरत है, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
—
