दुर्ग, 19 नवंबर। पुरानी भिलाई क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने थाने में पदस्थ आरक्षक अरविंद मेढ़े पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद एएसपी पद्मश्री तंवर ने पीड़िता का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि पीड़िता के बेटे पर आपराधिक प्रकरण दर्ज है और वह जेल में है। महिला का आरोप है कि उसके नाबालिग बेटे को राहत दिलाने का लालच देकर आरक्षक ने उससे शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। महिला के अनुसार, घटना वाली शाम आरक्षक ने उसे सिरसा गेट के पास बुलाया और अपनी गाड़ी में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पीड़िता बजरंग दल के सदस्यों के साथ पुरानी भिलाई थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस टीम मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
