दुर्ग, 18 नवंबर। 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय सब-जूनियर (बालक/बालिका) कबड्डी चैम्पियनशिप का सफल आयोजन 25 से 27 अक्टूबर 2025 तक कबड्डी प्रशिक्षण केन्द्र, पेण्ड्रा में किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुर्ग जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए खेलो इंडिया लघु केन्द्र, मर्रा, पाटन की होनहार खिलाड़ी कु. लक्ष्मी नेताम ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस चैम्पियनशिप में दुर्ग जिले के अंतर्गत दुर्ग, पाटन और धमधा ब्लॉक के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से कु. लक्ष्मी नेताम ने अपनी उम्दा खेल प्रतिभा और कौशल से विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया।
जिला प्रशासन और खेल विभाग के अधिकारियों ने कु. लक्ष्मी नेताम के शानदार प्रदर्शन पर उन्हें हार्दिक बधाई दी है। अधिकारियों ने उनके खेल को भविष्य में नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त की हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
