भिलाई, 16 नवंबर ।
थाना सुपेला क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बुलेट मोटरसाइकिल (सीजी 07 AX 6700) को तेज और अनियंत्रित गति में चलते हुए पकड़ा, जिसके साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाज निकल रही थी। पुलिस के रुकने का संकेत देने पर भी चालक भागने लगा, जिसे दौड़कर रोका गया।
जांच के दौरान पता चला कि बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न लगाया गया था और चालक बिना हेलमेट था। सबसे गंभीर बात यह रही कि मोटरसाइकिल नाबालिग द्वारा बिना लाइसेंस चलाई जा रही थी।
पुलिस ने नाबालिग चालक और बाइक मालिक सुभाष विजेकर (पिता संजु विजेकर, उम्र 19 वर्ष, निवासी सुपेला) के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 1486/2025 के तहत मोटर व्हीकल एक्ट की धाराएँ 190(2), 182A, 184, 179/194 सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और बाइक को जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
माननीय न्यायालय ने वाहन मालिक और नाबालिग चालक, दोनों पर कुल
34,000 रुपये का भारी जुर्माना लगाया है।
पूरी कार्रवाई में थाना सुपेला पुलिस की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
