
इस्पात नगरी भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने विकास प्रजापति नामक युवक को निशाना बनाते हुए गोली चलाई। हालांकि हमलावरों का निशाना चूक गया, लेकिन गोली युवक के कान को छूते हुए निकल गई, जिससे उसे हल्की चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को खाली कारतूस मिले हैं, साथ ही आसपास की दीवारों पर गोली लगने के स्पष्ट निशान भी दिखाई दिए हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने युवक को नुकसान पहुँचाने के इरादे से एक से अधिक बार फायरिंग की।
प्राथमिक जांच में पुलिस को घटना के पीछे पुरानी रंजिश की संभावना लग रही है। फिलहाल मामले में अपराध दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस संदिग्धों की तलाश और जांच में जुटी हुई है।
—
