
**दुर्ग।** कुम्हारी रेलवे स्टेशन के पास परसदा फाटक के नजदीक झाड़ियों में एक अधजले हालात में नर कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। माना जा रहा है कि शव काफी समय से वहीं पड़ा था, जिसके चलते वह पूरी तरह सड़ चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर स्थित सीसीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, राजेश नामक ग्रामीण अपनी बकरियों को रेलवे लाइन के किनारे चराने गया था। अचानक बकरियां घबराकर भागने लगीं, जिससे उसे किसी अनहोनी का शक हुआ। जब वह झाड़ियों के अंदर गया, तो वहां उसे सड़ी-गली अवस्था में एक मानव कंकाल दिखा। राजेश ने तुरंत डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कंकाल की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
