रायपुर। (दुर्ग भिलाई अपडेट ):नंदनवन से उरला जाने वाले मार्ग पर 29 जनवरी की तड़के करीब 4:00 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक ही कंपनी की दो गाड़ियाँ आपस में टकरा गईं, जिसमें एक वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आगे चल रही गाड़ी का अचानक टायर पंचर हो गया, जिससे चालक को तत्काल ब्रेक लगाना पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी गाड़ी समय रहते नियंत्रित नहीं हो सकी और आगे खड़ी गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के ड्राइवर केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में चालक के दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल ड्राइवर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर संबंधित विभाग और पुलिस मौके पर पहुँची और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।









