रायपुर, 25 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
सूदखोरी और अवैध वसूली से जुड़े मामलों में चर्चित हिस्ट्रीशीटर रोहित सिंह तोमर से पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने पूछताछ की। जानकारी के मुताबिक रोहित सिंह तोमर स्वयं थाने पहुंचा था, जहां पुलिस अधिकारियों ने उससे लंबी पूछताछ की। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट द्वारा गिरफ्तारी पर रोक लगाए जाने के कारण पुलिस उसे हिरासत में नहीं ले सकी।
बताया जा रहा है कि रोहित सिंह तोमर के खिलाफ बीते एक वर्ष में तेलीबांधा, पुरानी बस्ती सहित रायपुर शहर के कई थानों में एक के बाद एक गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तोमर और उसके बड़े भाई वीरेंद्र सिंह तोमर पर सूदखोरी, जबरन वसूली, धमकी और ब्लैकमेलिंग से संबंधित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
रोहित सिंह तोमर को पुलिस द्वारा निगरानी बदमाश की श्रेणी में रखा गया है। उसके खिलाफ राजेंद्र नगर, तेलीबांधा, पुरानी बस्ती, कोतवाली और गुढ़ियारी थाना क्षेत्रों में नौ से अधिक आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध बताए जा रहे हैं। इससे पहले भी वह सूदखोरी, मारपीट और ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों में जेल जा चुका है।
स्थानीय स्तर पर रोहित तोमर ‘गोल्डन मैन’ के नाम से जाना जाता है और अपने प्रभाव को दर्शाने के लिए वह अपने साथियों के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में अक्सर नजर आता रहा है। जानकारी है कि तोमर बंधुओं और उनके गुर्गों से कई लोग लंबे समय से पीड़ित हैं, लेकिन उनके खौफ के चलते शिकायत दर्ज कराने से डरते रहे।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई कानून के दायरे में की जाएगी।


