*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी को लेकर पुलिस द्वारा आज एक वीडियो और कुछ जानकारियां विज्ञप्ति के जरिए मीडिया से साझा की गईं हैं। इस बीच बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि हम मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं, आरोपी जल्द पकड़ लिए जाएंगे।
जगदलपुर के प्रसिद्ध एवं आस्था के प्रमुख केंद्र दंतेश्वरी मंदिर में बसंत पंचमी की रात चोरी की वारदात हुई थी। पुलिस की विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के निर्देशन में जिला पुलिस और फॉरेंसिक की संयुक्त टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण और 9 टीमें गठित कर बस्तर पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अब तक पुलिस द्वारा शहर के 100 से अधिक शासकीय और निजी सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोर के चेहरे की पहचान हुई है। पुलिस ने तीन सीसीटीवी फुटेज भी जारी किए हैं। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बड़ा सा बैग लेकर मंदिर में घुसता दिखाई दे रहा है। वीडियो में संदिग्ध व्यक्ति का चेहरा भी साफ नजर आ रहा है। उक्त चोर के संबंध में सटीक जानकारी देने पर बस्तर पुलिस द्वारा 5 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की गई है। पुलिस की 4-5 टीमें उड़ीसा एवं पड़ोसी जिलों में भी सघनता से जांच कर रही हैं।
*जल्द गिरफ्त में होगा आरोपी*
बस्तर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि दंतेश्वरी माता मंदिर से चोर सोना चांदी के कुछ गहने चुरा ले गए हैं। हमें चोर का सीसीटीवी फुटेज मिल गया है और उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा। श्री सिन्हा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच पूरी गंभीरता से कर रही है। बसंत पंचमी की रात जवानों के गायब रहने के सवाल पर एसएसपी श्री सिन्हा ने कहा कि चूक कहां हुई है हमारी नजर इस पर भी है और संबंधितों पर जरूर कार्रवाई की जाएगी।







