*-अर्जुन झा-*
*जगदलपुर।* बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने मंदिर के मुख्य दरवाजे को तोड़कर घटना को अंजाम दिया। सुबह जब मंदिर के पुजारी एवं प्रबंधन समिति के सदस्य पहुंचे, तो फाटक टूटा मिला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
फिलहाल मंदिर से कितनी संपत्ति या आभूषण की चोरी हुई है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। मगर बस्तर की आत्मा पर आघात करने वाली इस बड़ी घटना ने पुलिस को संदेह के दायरे में जरूर खड़े कर दिया है। ड्यूटी में लगाए दोनों होमगार्ड जवानों के एकसाथ छुट्टी पर चले जाना और थाना प्रभारी द्वारा उनकी जगह दूसरे जवानों की ड्यूटी न लगाना जैसे कई तथ्य हैं जो `चोर -पुलिस मौसेरे भाई’ की बात को हवा दे रहे हैं। नगर में इस तरह की कई अन्य घटनाएं हुई हैं, जो कोतवाली पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाती रही हैं।
शहर के हृदय स्थल और पॉश कॉलोनी में स्थित माई दंतेश्वरी के मंदिर में हुई यह बड़ी घटना मामला कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मंदिर समिति फिलहाल यह पड़ताल कर रही है कि मंदिर से कितनी नगद राशि, सामग्री और माता के गहनों की चोरी हुई है। उधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज में एक दिव्यांग व्यक्ति मंदिर में प्रवेश करता नजर आ रहा है। मगर वारदात के तरीके को देखते हुए लग रहा है कि चोरों की संख्या एक से ज्यादा रही होगी। चोरों ने मंदिर में लगे चैनल गेट को तोड़ कर अंदर प्रवेश किया और माई दंतेश्वरी के गले के हार और मंदिर भीतर स्थापित अन्य देवियों के गले से भी आभूषण निकाल ले गए हैं। मौके पर बोधघाट थाना प्रभारी के टीआई लीलाधर राठौड़, कोतवाली थाना प्रभारी भोलासिंह राजपूत पहुंच कर छानबीन में लग गए। गणतंत दिवस के कुछ दिन पुर्व ही शहर के सबसे सुरक्षित क्षेत्र में प्रतिष्ठित और आम बस्तरवासी की आस्था के केंद्र माई दंतेश्वरी मंदिर में चोरों ने धावा बोला और चोरी की।
*शक के घेरे में कोतवाली पुलिस*
कोतवाली पुलिस थाना के अंतर्गत आने वाले इस मंदिर में भक्तों की भीड़ हमेशा लगी रहती है। 23 फरवरी को बसंत पंचमी पर्व के चलते श्रद्धालुओं की भीड़ बहुत ज्यादा थी। मंदिर में चढ़ावा भी अच्छा खासा हुआ था। इसी बात को ध्यान में रख चोरों ने बीती रात मंदिर को निशाना बनाया है। इस घटना ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। मां दंतेश्वरी मंदिर बस्तर की आस्था का प्रमुख केंद्र है, ऐसे में घटना को लेकर श्रद्धालुओं में रोष एवं चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
मंदिर में प्रतिदिन दो आरक्षकों की ड्यूटी लगती थी, किंतु कल बसंत पंचमी पर मंदिर में भारी भीड़ के बावजूद रात्रि प्रहर दोनों आरक्षक गायब थे।कोतवाली थाना क्षेत्र के संजय बाजार में भी कुछ माह पूर्व चोरों ने धावा बोलकर कई चोरी की थी। संजय बाजार में भी पुलिस वालों की नाईट गश्त होती है। ऐसे में सवाल उठता है कि बीती रात दोनों जवान अचानक छुट्टी पर कैसे चले गए, कोतवाली थाना प्रभारी ने एकसाथ दोनों जवानों को छुट्टी कैसे दे दी और उनकी जगह दूसरे जवानों की ड्यूटी क्यों नहीं लगाई? ये सवाल कोतवाली पुलिस की भूमिका पर उंगली उठा रहे हैं। संजय बाजार में हुई चोरी की घटना भी पुलिस को शक के घेरे में खड़ा करती है। लोगों का कहना है कि पुलिस अधीक्षक इन बिंदुओं की भी जांच कराएं, ताकि पुलिस का दामन दागदार होने से बच सके।







