*अर्जुन झा*
*बकावंड।* खरीदी केंद्रों में धान के खराब होने हजारों क्विंटल धान गायब होने संबंधी कांग्रेस के हमलों से जूझ रही प्रदेश सरकार की छवि को खरीदी में लगे कर्मी भी दागदार करने में कोई कमी बाकी नहीं रख रहे हैं।
बकावंड विकासखंड में साय के सुशासन का बेड़ागर्क किया जा रहा। अधिकारियों की शह पर धान खरीदी केंद्रों में किसानों को सरेआम लूटा जा रहा है।जमकर अनियमितता बरती जा रही है।
बकावंड विकासखंड के टलनार खरीदी केंद्र में खरीदी प्रभारी बलराम सिन्हा द्वारा सूखत के नाम पर हर किसान से एक बोरा अतिरिक्त धान वसूला जा रहा है। किसानों के मुताबिक इस अतिरिक्त धान का कोई लेखा जोखा नहीं रखा जाता और बाद में पूरा धान केंद्र प्रभारी और कर्मचारी आपस में बांट लेते हैं। किसानों की मेहनत की कमाई यहां खुलेआम हड़पी जा रही है। किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। टलनार निवासी पीड़ित किसान तेनसिंह सेठिया, शिव कुमार, जगरनाथ सेठिया, तूफान सिन्हा आदि ने खरीदी केंद्र में चल रही इस खुली लूट और मनमानी की शिकायत बकावंड एसडीएम से करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और किसानों को शोषण से बचाने की मांग की है।



