*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* शहर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर दलपत सागर में आगामी 25 जनवरी की संध्या भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस दीपोत्सव को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से पिछले कई दिनों से दलपत सागर में प्रतिदिन 101 दीपक प्रज्ज्वलन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रोजाना किसी न किसी समाज प्रमुख, सामाजिक संगठन एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा रही है।
आयोजकों द्वारा विशेष रूप से शहरवासियों एवं गणमान्य नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे बड़ी संख्या में 25 जनवरी को आयोजित दलपत सागर दीपोत्सव में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और इस सांस्कृतिक आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं। बुधवार की संध्या पतंजलि परिवार द्वारा दलपत सागर में दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इससे पूर्व की संध्याओं में गोल्डन द पॉवर म्यूजिकल ग्रुप, महाराष्ट्र मंडल, सिंधी समाज, स्वच्छ आवाज म्यूजिकल ग्रुप, पत्रकार संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने दीप प्रज्ज्वलन कर दीपोत्सव के प्रचार-प्रसार में योगदान दिया। मालूम हो कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला प्रशासन, नगर निगम व जगदलपुरवासियों के सहयोग से दलपत सागर में दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। दीपोत्सव से पूर्व प्रत्येक सप्ताह शनिवार एवं रविवार को लगातार स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में
नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य दलपत सागर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।
बुधवार दोपहर बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जो दलपत सागर दीपोत्सव समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता तीन वर्गों में आयोजित की गई। पहला वर्ग पहली से आठवीं कक्षा तक, दूसरा वर्ग नवमी से बारहवीं कक्षा तक एवं तीसरा वर्ग स्वतंत्र समूह के लिए रखा गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने दीपोत्सव, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सांस्कृतिक विषयों पर सुंदर चित्र प्रस्तुत किए।
*इनका रहा सहयोग*
चित्रकला प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विधुशेखर झा, सुलता महाराणा, धीरज कश्यप, मनीष अहीर, रचना सिंह बैस, संतोष वर्मा, गीता शुक्ला, कामिनी पांडे, विजय डड़सेना, नेहा ग्रोवर, लक्ष्मी, नूपुर सहित अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा। गुरुवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान महापौर संजय पाण्डेय, एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा, संग्राम सिंह राणा, अन्य जनप्रतिनिधि, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
*सपरिवार आएं दीपोत्सव में: संजय*
इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि
दलपत सागर जगदलपुर की पहचान और सांस्कृतिक विरासत है। दीपोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, स्वच्छता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। नगर निगम का उद्देश्य है कि दलपत सागर को स्वच्छ, सुंदर और जीवंत बनाया जाए। शहरवासियों की सहभागिता से यह आयोजन हर वर्ष और भी भव्य रूप ले रहा है। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि 25 जनवरी को अपने परिवार एवं मित्रों के साथ दीपोत्सव में शामिल होकर इस आयोजन को सफल बनाएं।
उन्होंने स्वच्छता अभियान में सहयोग करने वाले सभी समाज प्रमुखों, संगठनों, स्वयंसेवकों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही ऐसे आयोजन सफल होते हैं और शहर की सकारात्मक छवि बनती है।





