*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* छत्तीसगढ़ शासन की महत्त्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत आज स्वामी आत्मानंद विद्यालय, सरगीपाल में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप के हाथों से विद्यालय की 31 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल प्रदान की गई।
इस अवसर पर समीपवर्ती हाई स्कूल कोसमी एवं हायर सेकंडरी विद्यालय डोढरेपाल की छात्राओं को भी योजना का लाभ देते हुए निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहन देना तथा दूरस्थ क्षेत्रों से विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को कम करना है। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं अभिभावकों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बालिका शिक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी छलक उठी और उन्होंने शिक्षा के प्रति और अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुभाऊराम कश्यप, जिला पंचायत सदस्य वनवासी मौर्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनवारी भद्रे, नारायण बिसाई, संस्था की एसएमडीसी के अध्यक्ष सत्यप्रकाश गुप्ता संतोष बिसाई, तीनों संस्थाओं के प्राचार्य अनिता आनंद, गोवर्धन पाणिग्राही एवं अल्पना सिन्हा तथा संस्था के वरिष्ठ शिक्षक शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



