*अर्जुन झा*
*भानुप्रतापपुर।* कांकेर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद मोहन मंडावी ने नागपुर जाकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। श्री मंडावी ने कांकेर भानुप्रतापपुर संबलपुर राज्यमार्ग क्र. 6 को नए सिरे से और पूरी मजबूती के साथ बनाने की मांग नितिन गडकरी के समक्ष रखी। श्री गडकरी ने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द ही इस सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की जाएगी।
पूर्व सांसद श्री मंडावी ने श्री गडकरी को बताया कि कांकेर, भानुप्रतापपुर, संबलपुर राज्यमार्ग क्र. 6 इस क्षेत्र के आवागमन का मुख्य मार्ग है जो सुदूर अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों को जनपद, तहसील एवं जिला मुख्यालय से जोड़ने के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग क्र. 30 से जुड़कर देश के विभिन्न हिस्सों में आवागमन को सुगम बनाता है। इस मार्ग से लौह अयस्क, खनिज संपदा का परिवहन भी बहुतायत में किया जाता है। इसके फलस्वरूप मार्ग पर यातायात का दबाव बहुत अधिक है। इस मार्ग का निर्माण लगभग 15 वर्ष पहले हुआ था। तब यातापात का दबाव इतना ज्यादा नहीं था। वर्तमान में यातायात अधिक होने के कारण मार्ग खराब हो चुका है। रिन्यूवल कार्य करने से भी मार्ग का सुधार स्थाई रूप से नहीं हो सकता। पिछले साल 10 नवंबर को इंडियन रोड कांग्रेस का 83वां अधिवेशन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हुआ था, जिसमें केन्द्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितीन गडकरी द्वारा कें द्रीय सड़क निधि के तहत छत्तीसगढ़ में सड़कों के निर्माण हेतु 20 हजार करोड़ रूपए की स्वीकृति की घोषणा की गई थी। इसमें 48.40 किमी लंबे कांकेर भानुप्रतापपुर संबलपुर मार्ग के निर्माण के लिए लगभग 130 करोड़ रूपये का प्रस्ताव भी शामिल है। यह कार्य वर्ष 2025-26 के छत्तीसगढ़ के बजट के बजट मद क्रमांक 2743 में सीआरएफ योजनांतर्गत शामिल किया गया है। केंद्रीय सड़क निधि से राशि प्राप्त होने के उपरांत सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य किया जाएगा।
*बढ़ेंगे विकास और रोजगार के मौके*
आपको बता दें कि भानुप्रतापपुर से कांकेर मुख्य सड़क बेहद ही जर्जर स्थित में है। सड़क निर्माण के लिए क्षेत्र के नेताओं समेत आम लोग भी लगातार मांग उठाते रहे हैं। इसके लिए हाल ही में भाजपा जिला महामंत्री राजा पांडे ने पूर्व सांसद मोहन मंडावी से भी निवेदन किया था। जिसके बाद श्री मंडावी ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर यह मांग रखी है। श्री पांडे ने कहा बेहतर सड़कें विकास, रोजगार और सामाजिक बदलाव का रास्ता खोलती हैं। खराब सड़क के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग की गई है।
*मंडावी ने सुनी जनता की आवाज*
राज्यों को जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए नए मार्ग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का प्रयास कर रही हैं, जिसके तहत कई प्रस्तावों को मंजूरी मिली है और वित्तीय स्वीकृतियां जारी की जा रही हैं। पूर्व सांसद मोहन मंडावी ने लोगों की आवाज को ध्यान में रखा और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर सड़क के नव निर्माण की मांग रखी है।


