*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना अंतर्गत इंद्रावती क्षेत्र के जंगल पहाड़ों में डीआरजी बीजापुर एवं नक्सलियों के बीच आज सुबह मुठभेड़ चल रही है। दोनों ओर से रूक-रूक कर फायरिंग जारी है। मुठभेड़ में अब तक एक नक्सली का शव और हथियार बरामद हुए हैं।
बीजापुर जिले के थाना भैरमगढ़ अंतर्गत इंद्रावती क्षेत्र के आदवाड़ा- कोटमेटा के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर डीआरजी बीजापुर ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि इस अभियान के दौरान 19 दिसंबर की सुबह 6 बजे से डीआरजी बीजापुर और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी है ।अब तक सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से एक नक्सली का शव, .303 रायफल, 9 एमएम की पिस्टल सहित विस्फोटक सामग्री एवं माओवादी सामग्री मौके से बरामद हुई है। पुलिस- नक्सली मुठभेड़ में मारे गये नक्सली की शिनाख्त 35 वर्षीय भैरमगढ़ एरिया कमेटी के कमांडर फगनू माड़वी निवासी गोरना थाना बीजापुर के रूप में हुई है। फगनू माड़वी 5 लाख रूपए का ईनामी था। नक्सली के शव के पास से .303 रायफल, तीन राउंड की एक 1 मैग्जीन, 9 राउंड के साथ 9 एमएम की एक पिस्टल, दो नग स्कैनर सेट, रेडियो, मेडिकल किट, कार्डेक्स वायर, माओवादी पिटठू, पिस्टल पोच, माओवादी पर्चे आदि सामग्री बरामद की गई है।
*आईजी पट्टलिंगम की अपील*
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा है कि वर्ष 2025 में सुरक्षा बलों की प्रभावी एवं समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप बस्तर में माओवाद अब अपनी अंतिम सां सें गिन रहा है। उन्होंने कहा कि माओवादी संगठन की पूरी संरचना बिखर चुकी है और हिंसा या दहशत फैलाने के उनके किसी भी प्रयास का अब कोई असर नहीं रह गया है। आईजी सुंदर राज पी. ने सभी सक्रिय माओवादियों से हिंसा का मार्ग त्यागकर सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की है।


