दुर्ग, 25 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-06 भिलाई में पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा यातायात पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में तय किया गया कि होलिका दहन की रात और होली के दिन शहर के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को ब्रीथ एनालाइजर और इंटरसेप्टर जैसे आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित कर सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रिंक एंड ड्राइव, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, स्टंटबाजी, तीन सवारी, खुले वाहनों में खतरनाक तरीके से यात्रा, मॉडिफाइड साइलेंसर, ध्वनि प्रदूषण तथा सड़कों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियम उल्लंघन करने वालों के वाहन जब्त करने, चालान काटने, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने तथा प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों में ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर दोषी पाए जाने पर तत्काल वाहन जब्ती एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित चालकों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी।
समीक्षा बैठक के दौरान जिले के प्रमुख चौकों पर उत्कृष्ट वाहन जांच कार्य करने वाले यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी कर्मियों को ड्यूटी के दौरान समयबद्ध उपस्थिति एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार मर्यादित एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा में सहयोग करें।
