दुर्ग, 24 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में झपटमारी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई भेड़ और घटना में प्रयुक्त स्कूटी वाहन भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी 2026 को प्रार्थी मोहम्मद अशरफ उर्फ सुल्तान कुरैशी ग्राम अकोला कपासबाड़ी से भेड़ खरीदकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पंचदेवरी तिराहा के पास कच्चे मार्ग पर स्कूटी सवार तीन युवकों ने उनका पीछा कर झपटमारी करते हुए एक भेड़ और 5 हजार रुपये नकद लूट लिए और फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर दो आरोपियों—राजू बेलदार और राकेश सोरी—को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उनके पास से लूटी गई भेड़ और स्कूटी जब्त कर ली।
पुलिस ने बताया कि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में कुम्हारी थाना पुलिस और एसीसीयू टीम की अहम भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
