दुर्ग, 24 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत झण्डा चौक कुरूद में सुलह चर्चा के दौरान मारपीट एवं प्राणघातक हमला किया। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस एवं अर्मस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। धारदार हथियार एवं स्टील पाइप जप्त किया गया है। त्वरित घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को रात्रि लगभग 08:30 बजे प्रार्थी कामेश्वर निषाद, निवासी कुरूद द्वारा थाना जामुल में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह अपने साथियों एवन साहू, गोविन्द साहू, नरेन्द्र साहू एवं भुनेष निषाद उर्फ भुनु के साथ झण्डा चौक कुरूद के पास कार में बैठा था। पूर्व में हुए विवाद के संबंध में सुलह चर्चा के दौरान आरोपी खिलेश वर्मा उर्फ सन्नी द्वारा स्टील पाइप से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पर एवन साहू को भी स्टील पाइप से सिर में चोट पहुंचाई गई। तत्पश्चात आरोपी द्वारा गोविन्द साहू को जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे धारदार हथियार (बटनदार चाकू) से पीठ, रीढ़ की हड्डी के पास, दाहिने कांख के नीचे एवं मुंह पर प्रहार किया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 124/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 118(2) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जामुल पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही कर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किया गया तथा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (बटनदार चाकू) एवं स्टील पाइप जप्त किया गया। आरोपी को दिनांक 23.02.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर केन्द्रीय जेल भेजा गया।
आरोपी
1. खिलेश वर्मा उर्फ सन्नी, निवासी कुरूद, जिला दुर्ग है।
जप्त सामग्री में
1. एक धारदार हथियार
2. एक स्टील पाइप
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी जामुल निरीक्षक रामेन्द्र सिंह, सउनि महफूज खान, आरक्षक महात्मा साहू, अतुल सिंह, तोषण चन्द्राकर, चंदन सिंह एवं पी. संतोष की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाद को कानून हाथ में लेकर न सुलझाएं। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
