भिलाई, 22 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। औद्योगिक नगरी भिलाई में Bhilai Steel Plant (बीएसपी) के अंतर्गत जेपी सीमेंट के सामने से प्लांट की ओर जाने वाला सात नंबर रोड इन दिनों गंभीर बदहाली का शिकार है। सड़क की जर्जर हालत के कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, अधूरा निर्माण कार्य और स्ट्रीट लाइट की कमी के चलते खासकर रात के समय हादसों का खतरा बढ़ जाता है। क्षेत्र में न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा बैरिकेडिंग की गई है।
केनाल गेट के पास हुआ हादसा
ताजा घटना केनाल गेट के पास की है, जहां देर रात लोड लेने जा रही एक खाली ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में चालक को चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खराब सड़क और गड्ढों के कारण वाहन असंतुलित हो गया, जिससे यह हादसा हुआ।
ट्रक-ट्रेलर संगठन ने उठाई आवाज
ट्रक-ट्रेलर संगठन के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सड़क की मरम्मत और निर्माण को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि खराब सड़क की वजह से कई चालक घायल हो चुके हैं और प्रतिदिन हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क को दुरुस्त करने, स्ट्रीट लाइट लगाने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेकर ठोस कदम उठाता है।
