भिलाई, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। सिरसा गेट के पास गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 32 वर्षीय अनीता दुबे और उनकी 2 वर्षीय बेटी सोनम दुबे की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पद्मनाभपुर निवासी राकेश दुबे अपनी बाइक (CG 07 CN 5190) से रायपुर से घर लौट रहे थे। उनके साथ पत्नी अनीता दुबे और मासूम बेटी सोनम भी सवार थीं। सिरसा गेट के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में अनीता दुबे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सोनम को तत्काल सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना के संबंध में कुछ देखा या वाहन की पहचान हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
