दुर्ग, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में साइबर ठगी से जुड़े एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी म्यूल खातों के माध्यम से अवैध लेनदेन कर साइबर अपराधियों की मदद कर रहे थे।
पुलिस को 19 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि कुरूद स्थित सीसीएम मेडिकल कॉलेज रोड पर कुछ युवक दूसरों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर अवैध धन अर्जित कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गुप्ता पीजी के पास घेराबंदी कर चारों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 13 बैंक पासबुक, 7 चेकबुक, 18 एटीएम कार्ड, 12 सिम कार्ड, 4 मोबाइल फोन और 5,700 रुपये नगद बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि जब्त खातों का उपयोग विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था।
समन्वय पोर्टल पर सत्यापन के दौरान केरल, कर्नाटक, बिहार और गुजरात में इन खातों से संबंधित साइबर शिकायतें दर्ज पाई गईं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 317(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अब्दुला राईन उर्फ अमन (भिलाई), हिमांशु पटेल (भिलाई), पुट्टा राकेश बाबू (आंध्र प्रदेश) और शुभम स्वाई (उड़ीसा) शामिल हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
मामले की जांच जारी है।
