दुर्ग, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा 1 फरवरी 2026 से जिले के 5 प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विगत 13 दिनों में यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले 2952 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।
इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1613 चालकों को ई-चालान जारी किया गया। साथ ही सीट बेल्ट, ट्रिपल सवारी, तेज गति, गलत दिशा में वाहन संचालन, नो-पार्किंग और अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चालान जारी होने के बाद निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं करने वालों को नोटिस भेजा जा रहा है। भुगतान नहीं होने की स्थिति में प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
इसी कड़ी में 14 फरवरी 2026 को जनशिकायत के आधार पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बुलेट वाहन क्रमांक सीजी 07 सीवाय 4558 को जांच के लिए रोका गया। वाहन चालक कमल कुमार रजक, निवासी हाटरी बाजार दुर्ग के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 182(ए) के तहत 5000 रुपये का चालान किया गया तथा मॉडिफाइड साइलेंसर को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सतत कार्रवाई जारी रहेगी।
