दुर्ग, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। दुर्ग रेलवे स्टेशन परिसर में ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक को दुर्ग पुलिस ने त्वरित सहायता पहुंचाते हुए समय रहते अस्पताल पहुंचाया। डायल 112 की टीम ने जीआरपी के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू कर 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल दुर्ग और तत्पश्चात रायपुर रेफर कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14.02.2026 को दोपहर 2:29 बजे डायल 112 में इवेंट क्रमांक 246781 प्राप्त हुआ कि दुर्ग रेलवे स्टेशन में एक व्यक्ति ट्रेन से गिर गया है और उसके घुटने के नीचे गंभीर चोट आई है। सूचना मिलते ही डायल 112 में ऑन ड्यूटी आरक्षक रमेश प्रसाद जायसवाल (बैच क्रमांक 952) एवं चालक लकेश्वर (आईडी क्रमांक 1499), जिनकी ड्यूटी दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक मोहन नगर चीता-01 में थी, तत्काल मौके पर पहुंचे।
मौके पर जीआरपी पुलिस के सहयोग से घायल युवक को सुरक्षित संरक्षण में लेकर तुरंत 108 एंबुलेंस बुलवाई गई। प्राथमिक उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पैर की स्थिति अत्यंत गंभीर बताई गई। बेहतर उपचार के लिए उसे रायपुर रेफर किया गया और 108 एंबुलेंस से रवाना किया गया। एक अटेंडर को भी साथ भेजा गया।
घायल की पहचान भूषण यादव (उम्र लगभग 28 वर्ष), निवासी बिहार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में नागपुर क्षेत्र में कार्यरत है और किसी कार्य से भिलाई-दुर्ग आया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह चलती ट्रेन में चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने से गिर गया। घायल के मोबाइल से परिजनों का संपर्क नंबर प्राप्त कर तत्काल सूचना दे दी गई है। परिजन बिहार से दुर्ग/रायपुर के लिए रवाना हो चुके हैं।
आरक्षक रमेश प्रसाद जायसवाल एवं चालक लकेश्वर द्वारा त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और मानवीय दृष्टिकोण से की गई कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
दुर्ग पुलिस की अपील: रेलवे स्टेशन एवं चलती ट्रेन में चढ़ते-उतरते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना दें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
