दुर्ग, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। पुलिस परेड ग्राउंड, रक्षित केंद्र दुर्ग में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान ड्यूटी के समय उत्पन्न होने वाली शारीरिक समस्याओं—विशेषकर मांसपेशियों में खिंचाव, कमर एवं पीठ दर्द—से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में फिजियोथेरेपिस्ट एवं सर्टिफाइड डाइटिशियन सुश्री नेहा बत्रा ने बताया कि लंबे समय तक खड़े रहने और गलत शारीरिक मुद्रा के कारण ऐसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने नियमित व्यायाम, सही पोस्टर और संतुलित आहार को अनिवार्य बताते हुए इन आदतों को दैनिक जीवन में शामिल करने पर जोर दिया।
सत्र के दौरान फिजियोथेरेपी उपचार की विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे अधिकारी-कर्मचारी इन उपायों को अपनी दिनचर्या में अपनाकर स्वस्थ रह सकें। कार्यक्रम में लगभग 112 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
आयोजन को सफल बनाने में रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा एवं रक्षित केंद्र स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, व्यायाम और संतुलित आहार अपनाने की अपील की है, ताकि वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहकर अपने कर्तव्यों का प्रभावी निर्वहन कर सकें।
