दुर्ग/भिलाई, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 85 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कैम्प-1 प्रेमनगर निवासी सीमा वासनिक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 दिसंबर 2025 को उनका परिवार गांव गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और 15 हजार रुपये नगद पार कर दिए थे।
मामले में वैशाली नगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर इंदिरा गांधी कॉलेज के पास संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जे. पवन उर्फ ब्रुसली (20 वर्ष), निवासी कैम्प-1 भिलाई के रूप में हुई है। उसके पास से चांदी की पायल, बच्चों के करधन, सोने के मंगलसूत्र का लॉकेट सहित कुल 85 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम एवं एसीसी की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
