दुर्ग/भिलाई, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद शुक्ला की सक्रियता और त्वरित नेतृत्व की अहम भूमिका रही।
पुलिस को 14 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंडित दीनदयाल मिनी स्टेडियम के पास कुछ लोग अवैध रूप से नशीला सिरप और कैप्सूल बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम इफ्तेखार खान (39 वर्ष), निवासी गांधी नगर भिलाई-03 तथा मोहम्मद अब्बास रजा (30 वर्ष), निवासी सेक्टर-02 भिलाई बताया। तलाशी के दौरान 17 शीशी नशीला सिरप, 13 स्ट्रीप कैप्सूल, 9,500 रुपये नगद, एक टाटा सफारी वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सउनि सुरेंद्र राजपूत, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, आरक्षक चुमूक सिन्हा एवं चन्द्रभान चौहान की भी सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
