दुर्ग, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। सुपेला थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 फरवरी को कोसा नगर निवासी कुमार दास ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने मकान की सफाई करने गया था, तभी उसका भाई अरूप दास किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। विवाद के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे धारदार हथियार से हमला करने का प्रयास किया।
बताया गया कि पीड़ित ने आत्मरक्षा में हथियार पकड़ लिया, जिसके बाद आरोपी ने ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसे पीठ और हाथ में चोटें आईं।
प्रकरण में सुपेला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी प्रणव कुमार दास (43 वर्ष), निवासी कोसानाला, सुपेला को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं और किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
