भिलाई, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। शहर में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 41 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रायपुर से भिलाई आने वाले मार्ग पर चरोदा जीआरपी चौकी के पास रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हुई। मामला भिलाई-3 (पुरानी भिलाई) थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
हादसे में खुर्सीपार स्थित बापू नगर, वार्ड 31, सुभाष मार्केट ज़ोन-2 निवासी गूंजा चतुर्वेदी (27 वर्ष) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, खुर्सीपार के उडिया मोहल्ला, वार्ड 33 निवासी दीपक मोंगराज (41 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि रात के समय वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।
(अपडेट के लिए जुड़े रहें – दुर्ग भिलाई अपडेट)
