दुर्ग, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट। सुपेला थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर से लापता हुई तीनों नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। सूचना मिलते ही दुर्ग पुलिस ने तेजी दिखाते हुए चार विशेष टीमें गठित कीं और व्यापक स्तर पर तलाश शुरू की।
पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, गवाहों से पूछताछ की और संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। साथ ही आरपीएफ, जीआरपी और चाइल्ड लाइन से समन्वय स्थापित किया गया। संयुक्त प्रयासों के बाद रेलवे पुलिस ने तीनों बच्चियों को बिलासपुर जिले के उसलापुर क्षेत्र से सुरक्षित बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, बच्चियां घर से नाराज होकर बिना बताए चली गई थीं। बरामदगी के बाद नियमानुसार उन्हें सुरक्षित चिल्ड्रन होम में रखा गया है। परिजन पुलिस टीम के साथ उन्हें लेने के लिए रवाना हो चुके हैं।
दुर्ग पुलिस ने अपील की है कि बच्चों से जुड़ी किसी भी असामान्य स्थिति या गुमशुदगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
