दुर्ग, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए दुर्ग पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पाटन थाना क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में हुई 8 चोरी की वारदातों का खुलासा कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने नाकाबंदी, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर रायपुर के मठ पुरैना इलाके से तीन मुख्य आरोपियों—मनीष अमोरिया, जितेंद्र गायकवाड़ और रवि साहू—को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने सुनसान मकानों की रेकी कर चोरी करना स्वीकार किया। आगे की जांच में तीन खरीदारों—धर्मेंद्र साहू, उमेश उर्फ पिंटू सोनी और प्रकाश सोनी—को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरोह द्वारा नंदनी, रानीतराई, उतई, अमलेश्वर और पाटन क्षेत्रों में अलग-अलग तारीखों पर सूने मकानों को निशाना बनाया गया था। आरोपियों से सोने-चांदी के जेवरात, नकद राशि और अन्य सामान सहित कुल लगभग ?7,15,820 की संपत्ति बरामद की गई है।
मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें।
