दुर्ग, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान शनिवार शाम से देर रात तक जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की, जिसमें कुल 9 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि पकड़े गए आरोपियों में एक एम्बुलेंस चालक भी शामिल था, जिसे नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।
यातायात पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को जब्त किया और प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और इस प्रकार के सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस ने आम नागरिकों और विशेष रूप से आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहन चालकों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर अपनी व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
