दुर्ग, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक नाबालिग बालक पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना ग्राम जोरातराई स्थित बजरंग चौक के पास की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आपसी विवाद के दौरान आरोपी ने अपना आपा खोते हुए नाबालिग के सिर पर धारदार कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजन तत्काल बी.एम. शाह अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही उतई पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी परदेशी राम देवांगन (उम्र 66 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी सहित वारदात के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है। वहीं पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवादों का समाधान हिंसा के बजाय बातचीत और कानूनी तरीकों से करें।
