भिलाई, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। सुपेला थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर से तीन नाबालिग बच्चियां रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं, जिससे परिजनों के साथ-साथ पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार 6 फरवरी की दोपहर करीब 4 बजे के बाद से बच्चियों का कोई पता नहीं चल पाया है। लापता बच्चियों में 11 वर्षीय रानी यादव, 7 वर्षीय रजनी यादव और 12 वर्षीय इशिका पांडे शामिल हैं। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो इसकी सूचना सुपेला थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में सुपेला थाना में अपराध क्रमांक 221/26 और 222/26 दर्ज किया गया है। पुलिस टीम संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में बच्चियों की जानकारी प्रसारित की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी इन बच्चियों के संबंध में कोई जानकारी मिलती है या वे कहीं दिखाई देती हैं, तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9479192099 और 8878505555 पर सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि छोटी से छोटी जानकारी भी बच्चियों को सुरक्षित ढूंढने में अहम साबित हो सकती है।
