रायपुर, 8 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)
रायपुर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट के सख्त निर्देशों के बीच वेस्ट जोन पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 20.300 किलोग्राम गांजा के साथ एक शातिर अंतर्राज्यीय तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस द्वारा विशेष नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लालपुर ओवरब्रिज के नीचे, केनाल रोड स्थित कुष्ठरोग अस्पताल के पास गांजा की डिलीवरी की तैयारी की जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देख मौके पर मौजूद दो आरोपी फरार हो गए, जबकि स्विफ्ट कार में बैठे एक आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हिमांशु केशरवानी, निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया।
तलाशी के दौरान कार से अलग-अलग पैकेटों में रखा गया 20.300 किलो गांजा बरामद किया गया। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ओडिशा के कालाहांडी जिले से गांजा लाकर रायपुर और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में उसकी सप्लाई करता था।
पुलिस ने गांजा के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 7 लाख 55 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में की गई। वेस्ट जोन पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल की निगरानी में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
थाना न्यू राजेन्द्र नगर में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 56/26, धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही पूरे नशा नेटवर्क को तोड़ने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक के आधार पर विस्तृत जांच और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन की तैयारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम – हिमांशु केशरवानी
पिता – स्व. बब्बु केशरवानी
उम्र – 29 वर्ष
पता – पुरामुक्ति एयरफोर्स मनोरी, थाना पुरामुक्ति, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)
