सूरजपुर, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुतिया नाला के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दो अलग-अलग बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पिकअप चालक की पिटाई कर दी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन जप्त किए गए अवैध धान को लेकर लौट रहा था।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को जप्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
