जांजगीर, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के अकलतरा-बलौदा मुख्य मार्ग पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोटगढ़ के पास सुबह करीब 5 बजे तीन ट्रेलर आपस में टकरा गए। टक्कर के तुरंत बाद एक ट्रेलर में आग लग गई, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के दौरान एक अन्य ट्रेलर चालक वाहन में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर बताया जा रहा है। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
