भिलाई, 08 फरवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)।
जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोरातराई में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 70 वर्षीय एक बुजुर्ग पड़ोसी ने ढाई साल की मासूम बच्ची पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी बुजुर्ग की पहचान परदेसी देवांगन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्ची खेलते-खेलते आरोपी के घर के भीतर चली गई थी। बुजुर्ग द्वारा मना करने के बावजूद जब बच्ची बाहर नहीं आई, तो वह आपा खो बैठा और गुस्से में आकर उस पर हमला कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। बच्ची को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और चिकित्सक लगातार निगरानी में रखे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात गुस्से और आवेग में अंजाम दी गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद से गांव में आक्रोश का माहौल है।
