दुर्ग, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
भिलाई के भट्टी थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला की मौत के बाद उसके परिजनों ने लिव-इन पार्टनर पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान राजिंदर कौर (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले करीब तीन वर्षों से अपने लिव-इन पार्टनर राजा नाथ उर्फ नाग के साथ सेक्टर-2, स्ट्रीट-12 में रह रही थी। बताया जा रहा है कि राजिंदर कौर पहले से शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे भी हैं, लेकिन वह पति से अलग होकर अपने प्रेमी के साथ रह रही थी।
जानकारी के अनुसार 5 फरवरी की रात दोनों एक साथ शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक राजिंदर कौर की तबीयत बिगड़ गई और उसके नाक से खून आने लगा। हालत गंभीर होने पर राजा नाथ की मां उसे जिला अस्पताल दुर्ग लेकर पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की पुष्टि 6 फरवरी को हुई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इधर, मृतका के परिजनों ने इस पूरे मामले पर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी देर से दी गई। मृतका की भांजी कृतिका ने बताया कि उन्हें 6 फरवरी दोपहर करीब 2 बजे फोन कर इसकी सूचना दी गई।
परिजनों का आरोप है कि राजिंदर कौर और राजा नाथ के बीच आए दिन विवाद होता था। जब भी राजिंदर अपने मायके आती थी, उसके शरीर पर चोट के निशान देखे जाते थे। इसी आधार पर परिजनों ने महिला की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल भिलाई भट्टी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
