कोरबा, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
दीपका थाना क्षेत्र के अंतर्गत दीपका खदान परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक खड़े ट्रेलर वाहन में अचानक आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि ट्रेलर अनलोड स्थिति में था और उसमें कोयला नहीं भरा हुआ था।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। जैसे ही घटना की सूचना मिली, दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
रोड सेल इंचार्ज संतोष सिंह ने बताया कि ट्रेलर में कोयला नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को फैलने से पहले ही बुझा लिया गया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।
