कोरबा, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में उरगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध स्क्रैप यार्ड पर छापा मारा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना उरगा क्षेत्र के ग्राम बरबसपुर बायपास रोड स्थित स्क्रैप यार्ड में दबिश दी गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां चोरी से जुड़े हाइवा, ट्रेलर और ट्रक के पुर्जों सहित भारी मात्रा में लोहे का सामान अवैध रूप से संग्रहित किया गया है।
छापेमारी के दौरान यार्ड संचालक मौके पर मौजूद मिला, लेकिन वह स्क्रैप से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने करीब 1200 टन ट्रेलर मंडी, डाला बॉडी एवं अन्य लोहे के सामान को जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
मौके पर नगर निगम की टीम द्वारा पंचनामा तैयार कर स्क्रैप यार्ड को सील कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोरबा पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
