धमतरी, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली, मगरलोड और केरेगांव थाना क्षेत्रों में की गई अलग-अलग कार्रवाईयों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर नशे का सेवन, अवैध शराब के परिवहन और बिक्री से जुड़े मामलों में प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस ने कुल 12.20 लीटर देशी कच्ची महुआ शराब, गांजा जैसा मादक पदार्थ, नगद रकम और अन्य सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन करते युवक पकड़ा गया
थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्टेशन पारा स्थित निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक के पास पुलिस ने एक युवक को सार्वजनिक स्थान पर गांजा जैसे मादक पदार्थ का सेवन करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी मनीष कोर्राम (22) निवासी स्टेशन पारा के कब्जे से 5.3 ग्राम गांजा, नगद राशि, मोबाइल फोन और सेवन में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 27 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजा गया।
9 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
थाना मगरलोड पुलिस ने देहात पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम जामली के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। बाइक पर रखे जरीकेन से 9 लीटर देशी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसे आरोपी बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने लोमन साहू (39) और गंगाधर नेताम (26) को गिरफ्तार कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
अवैध शराब बिक्री करते व्यक्ति पर कार्रवाई
थाना केरेगांव क्षेत्र के ग्राम नयापारा कुकरेल में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर पुरूषोत्तम निषाद (46) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 3.20 लीटर देशी कच्ची महुआ शराब और बिक्री की रकम 520 रुपये जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(ए) आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा, और अवैध शराब व मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
