रायपुर, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ के आरंग क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। अमेठी रोड स्थित बजरंग केमिकल कंपनी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक बुजुर्ग महिला और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गुल्लू निवासी नंद कुमार लोधी अपनी मां राजकुमारी लोधी और कुंती बाई लोधी (सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य डोमार सिंह लोधी की मां) के साथ बाइक से आरंग में आयोजित शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अमेठी रोड मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक अत्यधिक गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सहायता से घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल आरंग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कुंती बाई लोधी को मृत घोषित कर दिया।
घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान नंद कुमार लोधी ने भी दम तोड़ दिया। वहीं राजकुमारी लोधी की स्थिति नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
