दुर्ग, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
भारती महाविद्यालय दुर्ग के फॉरेंसिक साइंस प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को थाना पुलगांव का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपराध की शिकायत दर्ज होने से लेकर विवेचना पूरी होने तक की संपूर्ण प्रक्रिया की व्यवहारिक एवं व्यावसायिक जानकारी उपलब्ध कराना था।
भ्रमण के दौरान थाना पुलगांव में पदस्थ ड्यूटी अधिकारी एएसआई सुभाष साहू एवं प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के अपराधों से संबंधित प्रारंभिक शिकायत (एफआईआर) दर्ज करने की प्रक्रिया, विवेचना अधिकारी की भूमिका, अपराध की जांच में अपनाई जाने वाली विधिसम्मत कार्यप्रणाली तथा केस डायरी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक समझाईं।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को अपराध स्थल पर पुलिस द्वारा की जाने वाली जांच प्रक्रिया, भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन, संरक्षण और उनके महत्व के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया। छात्रों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार छोटी सी लापरवाही जांच को प्रभावित कर सकती है, वहीं सही साक्ष्य न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
व्यावहारिक ज्ञान को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से विद्यार्थियों को थाना परिसर स्थित बंदीगृह, विवेचक कक्ष, मालखाना एवं थाना प्रभारी कक्ष का निरीक्षण भी कराया गया, जिससे उन्हें पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान एएसआई सुभाष साहू एवं प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा ने सरल, स्पष्ट एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से जानकारी प्रदान कर विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया, जिसकी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा सराहना की गई।
दुर्ग पुलिस का संदेश
दुर्ग पुलिस द्वारा शैक्षणिक संस्थानों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को कानून, अपराध विवेचना और पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि युवा वर्ग में विधिक जागरूकता, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
